हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में अवैध बनी मस्जिद को गिराना होगा। नगर निगम आयुक्त मंडी एचएस राणा की अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि मस्जिद का अवैध निर्माण 30 दिन में हटाना होग। पूर्व में यहां पर एक मंजिला मस्जिद थी, उसे नहीं छेड़ा जाएगा।इस बीच मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गुरुवार को ही जेल रोड पर बनी मस्जिद की अवैध दीवार को गिराना शुरू कर दिया है। मुस्लिम समुदाय के लोग खुद ही सड़क पर अतिक्रमण कर बनाई गई दीवार को तोड़ रहे हैं।वहीं MC आयुक्त कोर्ट में जिस वक्त मस्जिद में अवैध निर्माण मामले में सुनवाई चल रही थी, बाहर हिंदू संगठन और मंडी के स्थानीय लोग मस्जिद को गिराने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रदेश की राजधानी के संजौली में शुरू हुई मस्जिद विवाद की चिंगारी तेजी से अन्य शहरों में भी भड़क रही है। जिला प्रशासन ने पहले ही भारतीय दंड संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। यानी 5 या इससे ज्यादा लोग एक साथ इकट्ठा नहीं हो सकते। फिर भी हिंदू संगठन मंडी में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। मंडी शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। भीड़ को एक जगह इकट्ठा होने से रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं।