नई दिल्ली। 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनियाभर में मनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली में योगाभ्यास किया। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आग्रह किया कि लोग केवल योग दिवस के दिन ही योग न करें। योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि योग भारत की आध्यात्मिक क्षमता का प्रतीक है।

योग भारत की दुनिया को अद्भुत देन: शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योग स्वस्थ, सुखी और संपूर्ण जीवन जीने की कला और विज्ञान है। योग से केवल शरीर निरोग नहीं होता है। मन भी प्रसन्न होता है। बुद्धि भी प्रखर होती है। आत्मा भी परमात्मा की ओर बढ़ती है। यह भारत की दुनिया को अद्भुत देन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ह्रदय से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने योग को संपूर्ण विश्व में पहुंचाया।

योग भारत की आध्यात्मिक क्षमता: सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत की जो झमता हैं। केवल आर्थिक और सामाजिक क्षमता नहीं। आध्यात्मिक क्षमता भी है। उस आध्यात्मिक क्षमता की श्रेणी में योग एक बहुत महत्वपूर्ण अंग है। यह भारत की प्रचीनता और विशेषता को रेखांकित करता है। योग को अंतरराष्ट्रीय जगत पर उल्लेखनीय स्थान देना... यह प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प रहा है। हर वर्ष योग दिवस अंतरराष्ट्रीय जगत में मनाया जाता है।

सिंधिया ने कहा कि पिछले साल संयुक्त राष्ट्र संघ में 136 देशों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के साथ योग दिवस मनाया था। यह केवल भारत की क्षमता का विषय नहीं है... बल्कि हमारे एक-एक व्यक्ति के अंदर शालीनता और शरीर में तंदुरूस्ती आए। आत्मा में शांति आए। यही सबसे बड़ी विशेषता है योग की। सिंधिया ने कहा कि भारत केवल अपने बारे में नहीं सोचता है। वह पूरी पृथ्वी के बारे में सोचता है। यही वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना है।

हम विश्वगुरु हैं: सीवी आनंद बोस

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, "विश्व ने योग के माध्यम से भारत को देखना शुरू कर दिया है। योग युद्ध के बजाय शांति की स्थापना करने के भारत के प्रयास का प्रतिनिधित्व करता है। हम 'विश्वगुरु' हैं और योग के माध्यम से हम दुनिया तक पहुंच रहे हैं।"