नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने रविवार को आईएनडीआईए पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसे गठबंधन कैसे कहा जा सकता है, जब घटक दल अपना अलग-अलग चुनावी घोषणापत्र जारी कर रहे हैं। उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया कि इस समूह में टुकड़े-टुकड़े गैं'ग के सदस्य शामिल हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा, दिल्ली के मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) जेल में हैं और उनकी पत्नी ने किसी से विचार-विमर्श किए बिना विपक्षी दलों की एक रैली में छह गारंटी की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी गठबंधन से अलग लड़ रही हैं और अपना अलग घोषणापत्र जारी किया है। तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव ने भी ऐसा ही किया है। फिर इसे गठबंधन कैसे कहा जा सकता है? यह देश को गुमराह करने की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है।

ठाकुर ने दावा किया कि लोगों का भरोसा केवल भाजपा की प्रतिबद्धताओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर है। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र को ऐतिहासिक करार देते हुए इसकी सराहना की और कहा कि यह भविष्य के भारत की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र वादों को पूरा करने की गारंटी है।