संवाद सहयोगी, रामगढ़ : जिला कांग्रेस कमेटी में नए जिलाध्यक्ष की खोज शुरू हो गई है। इस पद के लिए 22 नए कार्यकर्ताओं के चेहरे सामने आए है।गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के एपीआरओ भावेश चौधरी के देखरेख में जिला कांग्रेस कमेटी रामगढ़ के जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन हुए। नामांकन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता छत्तर-मांडू स्थित सर्किट हाउस में शाम को जुटे। यहां पर शाम चार बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। जिला अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 नामांकन किया गया।

इससे पूर्व एपीआरओ भावेश चौधरी ने उपस्थित सभी कांग्रेस जनों को पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता जो सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई है, वह जिला अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। पार्टी द्वारा समर्पित कार्यकर्ता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी सारे नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसके बाद प्रदेश कार्यालय में विस्तृत जांच के बाद जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्ना पासवान, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, कमाल शहजादा, रियाज अहमद, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र नाथ चौधरी, जकाउल्लाह, मुकेश यादव, पंकज प्रसाद तिवारी, अनु विश्वकर्मा, राजकुमार यादव, तारिक अनवर, रूपेंद्र महतो, लाल बिहारी महतो, राजू महतो, संकेत सुमन, राम विनय महतो, संतोष सोनी, सुजीत पटेल, सुधीर सिंह, खोगेंद्र साहू, लक्ष्मण महतो, केडी मिश्रा आदि मौजूद थे।