राजस्थान को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत राजस्थान पुलिस ने एक और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। जोधपुर जिले के बालेसर थाना क्षेत्र के बावरली गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (MD) ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा की सीधी मॉनिटरिंग तथा ANTF के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में अंजाम दी गई। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पुलिस को बालेसर क्षेत्र में अवैध रूप से नशीले पदार्थों के निर्माण की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीमों ने मौके पर दबिश दी। जैसे ही पुलिस ने फैक्ट्री की घेराबंदी की, वहां मौजूद आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और पूरी रात मुठभेड़ का दौर चलता रहा। इस साहसिक अभियान में पुलिस ने जान जोखिम में डालते हुए आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार भागने के दौरान एक आरोपी की टांग टूट गई, जिसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मौके से करीब 100 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, केमिकल्स और नशीले पदार्थ बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। बरामद एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इसे राजस्थान में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स विरोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में ANTF की टीमें अब इस बात की जांच में जुटी हैं कि इस फैक्ट्री से तैयार होने वाला नशीला पदार्थ किन-किन राज्यों और शहरों में सप्लाई किया जा रहा था। इस कार्रवाई से ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।