शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर को महिला घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। महिला के पीहर पक्ष ने दहेज के लिए परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पीहर पक्ष का कहना था रविवार रात को पति पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। आज मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।

दहेज के लिए परेशान करने का आरोप

मृतका मनीषा (27) बापू बस्ती कुन्हाड़ी में रहती थी। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। मनीषा बीएड की पढ़ाई कर रही थी। मनीषा का पति लोकेश (32) कुछ समय पहले ही जनता क्लिनिक पर संविदा पर नर्सिंग स्टाफ लगा है। खातौली निवासी मनीषा के पिता कमल किशोर ने बताया कि 2022 में मनीषा की धूमधाम से शादी की थी। शादी के कुछ साल बाद ही दहेज को लेकर पति लोकेश उसे परेशान करता था। हाल ही में मनीषा से छोटी बहन की सगाई की थी। सगाई में अच्छा देने से लोकेश के जलन लगी वो बार बार मनीषा को ले जाने की बात कहते थे। रविवार रात को मनीषा व लोकेश के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद लोकेश पास ही बने अपने माता पिता के मकान में चला गया। लोकेश रातभर घर नहीं आया। अगले दिन सोमवार दोपहर 1 बजे करीब घर आया। बेटी मनीषा को दहेज के लिए काफी परेशान किया है। बेटी के गहने तक बेच दिए।

पति बोला- गुस्सा ज्यादा करती थी

पति लोकेश ने बताया कि रविवार रात को उसकी दीदी माता पिता के मकान में आई थी। में दीदी से मिलने रात 10 बजे करीब दूसरे मकान में चला गया। रातभर पिता के मकान में रहा। अगले दिन दोपहर में पड़ोसी मटकी लेकर आया था। मनीषा ने गेट नहीं खोला। पड़ोसी की सूचना पर मौके पर गया। आवाज लगाने पर भी मनीषा ने गेट नहीं खोले। तुरंत थाने में जाकर सूचना दी। फिर वापस आकर गेट तोड़ा। मनीषा फांसी पर लटकी हुई थी। मनीषा के कोई टेंशन नहीं थी। वो गुस्सा ज्यादा करती थी। रविवार रात को उसे साथ चलने को कहा था। उसने कहा जहां जाना है जाओ। दहेज के लिए परेशान नहीं किया।

शरीर अकड़ा हुआ था

पीहर पक्ष से घटना स्थल पर पहुंचे मनोज कुमार ने बताया कि वो सोमवार दोपहर 3 बजे मौके पर गया था। मनीषा पलंग पर पड़ी हुई थी। उसका शरीर अकड़ा हुआ था और काला पड़ा था। इससे पता लगता है कि मनीषा की मौत रात को ही हो चुकी। हैरानी की बात है कि ससुराल वालों को 12 घंटे बाद भी पता नहीं लगा।