हरियाणा के सोनीपत के गोहाना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (25 सितंबर) भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए करीब 25 एकड़ में पंडाल लगाया गया है। लोगों के लिए 22 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। पीएम की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एसपीजी ने एक दिन पहले ही पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रधानमंत्री के साथ रैली में भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। भाजपा को उम्मीद है कि मोदी विधानसभा चुनाव में उनके लिए संजीवनी साबित होंगे।हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह दूसरी रैली है। इससे पहले वे 14 सितंबर को कुरुक्षेत्र में आ चुके हैं। हिसार और पलवल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली प्रस्तावित है। आज गोहाना रैली में मोदी 6 जिलों सोनीपत, पानीपत, जींद, रोहतक, झज्जर व रेवाड़ी की 22 विधानसभा सीटों से आने वाले वर्करों को संबोधित करेंगे। मोदी की लोकसभा चुनाव में 4 महीने पहले भी गोहाना में रैली हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोनीपत में 1500 पुलिसकर्मी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रैली स्थल पर करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।