राजस्थान भाजपा के प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा- मंगलवार की रात उदयपुर के एयरपोर्ट पर जो हुआ, दु:खी करने वाला था? इस घटना से मैं आश्चर्यचकित हूं। आज के बाद मेरे जीवन पर कोई भी खतरा आता है तो मैं सिर्फ सचिन पायलट को जिम्मेदार मानूंगा। पायलट का कोई समय होता था। वो समय अब खत्म हो गया है। अब भाजपा का समय है। हम विरोधियों को कमजोर नहीं बताएंगे तो क्या दारा सिंह पहलवान बताएंगे। इसमें क्या अपमानजनक है।मंगलवार की रात उदयपुर एयरपोर्ट से निकलते समय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राधा मोहन की गाड़ी को रोक लिया था। उनकी कार के सामने बैठ गए और नारेबाजी करने लगे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार पर स्याही फेंकी थी। इतना सब कुछ होने के बाद प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बुधवार को उदयपुर में मीडिया से अग्रवाल ने कहा- मैं पूछना चाहता हूं कि सचिन पायलट को लेकर मैंने जो कहा, उसमें क्या बुरा लगा। मैंने कहा था- 'पायलट का कोई समय होता था वो समय अब खत्म हो गया है। अब भाजपा का समय है।' राजनीति में अपनी विरोधी ताकतों को हम कमजोर नहीं बताएंगे तो दारा सिंह पहलवान बताएंगे। इसमें क्या अपमानजक टिप्पणी थी। यह सच्चाई थी।राजनीतिक सच्चाई दिखाई तो इसमें नाराज होने की जरूरत क्या है। निंदक नियरे राखिए... मैंने आपकी आलोचना की है तो आप धन्यवाद दीजिए। साथ ही, कहिए- चार दिन बाद, चार महीने बाद होने वाले उप चुनाव या चार साल बाद होने वाले चुनाव में आपको अपनी ताकत दिखा देंगे। इसको राजनीतिक लड़ाई कहते हैं। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा- दुबारा ऐसी गतिविधि हुई तो भाजपा के कार्यकर्ताओं की भी धैर्य की सीमा है। मैंने तो अभी कुछ कहा ही नहीं है। मैं कहना शुरू करूंगा तो बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। तब मैं परिभाषित करूंगा।पायलट बड़े नेता हैं, अपनी पार्टी में परेशान हैं। मैंने एक-एक शब्द जो बोले, ये मेरी माफी है। अभी मैंने इतना ही कहा। अभी बहुत कुछ कहना बाकी है। अपनी मजबूती वोट बैंक और मतदान केंद्र पर दिखाएं। भगवान श्रीकृष्ण के बैनर पर उन युवाओं ने काली स्याही फेंकी, यह कौन सी मजबूरी है। मैंने तो मुकदमा दर्ज नहीं कराया। नौजवानों को सही दिशा दें। स्व. राजेश पायलट देश के बड़े राष्ट्र नेता रहे हैं। पूरा देश उनका सम्मान करता है।