नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इन दिनों जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है। राजस्थान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। यह देश में सर्वाधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी यूपी को लेकर चेतावनी जारी की है।तेज गर्मी और लू के चलते लोगों को काफी परेशान हो सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने दिन के साथ-साथ अब रात में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। उधर, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर रात का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा, तो यह फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा।

पेयजल संकट गहराने लगा

मौसम विभाग ने अभी अगले तीन से चार दिन में और अधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के मैदानी राज्य तो तप ही रहे हैं, पहाड़ भी इससे अछूते नहीं है। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है। जलशक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 478 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

विभाग ने गर्मियों के दिनों में फील्ड स्टाफ की छुट्टियों को रद कर दिया है। यदि कहीं पर पानी की कमी होगी तो टैंकरों से सप्लाई की जाएगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लू चलने जैसी स्थिति हैं। शिमला व समीपवर्ती क्षेत्रों में तीसरे दिन भी कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में दोपहर बाद वर्षा होने से मैदान में भी गर्मी से कुछ राहत मिली है।

पहाड़ भी झुलस रहे

जम्मू कश्मीर में पहाड़ और मैदान भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। जम्मू संभाग में बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 28 मई तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। जम्मू जिला मजिस्ट्रेट ने बढ़ते तापमान को देख नागरिकों से घर से बाहर जाने से बचने की अपील की।

रात में भी चलेगी लू, रेड अलर्ट जारी

पिछले एक सप्ताह से पंजाब में चल रही लू के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। अब रात में भी लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार छह जिलों में रात का तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चंडीगढ़ व मोहाली में रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बठिंडा का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने दिन के साथ-साथ अब रात में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। उधर, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर रात का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा, तो यह फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा।