रायपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में विजय संकल्प शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए ग्रैंड ओल्ड पार्टी 'कांग्रेस' पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में आप लोगों ने भाजपा की झोली को भर दिया है, इसलिए आप सबका धन्यवाद करने आया हूं।

क्या कुछ बोले राजनाथ सिंह?

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम की तपोभूमि है और मेरा छत्तीसगढ़ के साथ बहुत अटूट रिश्ता है। छत्तीसगढ़ जब राज्य बना था तब पहली विधानसभा का चुनाव हुआ था तो उस समय पार्टी की तरफ से, केंद्र की तरफ से प्रभारी बन के यहां आया था। तब लोग कहते थे कि भाजपा की सरकार नहीं बनेगी लेकिन हालत बदलते चले गए। जनता ने यह समझना प्रारंभ कर दिया कि अगर छत्तीसगढ़ का भाग्य कोई बदल सकता है तो वह भाजपा ही बदल सकती है।

कांग्रेस पर जमकर बरसे राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में हमारे छत्तीसगढ़ का बहुत बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा,

कांग्रेस पार्टी इतने सालों तक हुकूमत में रही है। लंबे समय तक इन लोगों ने भारत को लूटा है और लंबे समय तक सरकार चलाई है। जब-जब कांग्रेस की सरकार यहां आई है, तब भ्रष्टाचार तेजी के साथ बढ़ा है।

'छत्तीसगढ़ में भैस के चारे का भी हो गया घोटाला'

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब-जब कांग्रेस की सरकार आती है, तब-तब घोटालों की बाढ़ आ जाती है। उन्होंने कहा कि आपने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार तो बना दी थी, सब घोटाला तो अलग यहां गोठान घोटाला हो गया, गोबर का घोटाला हो गया। पशुधन के चारो के साथ भी घोटाला कर दिया।