मुक्तसर में एक निजी बस फिसलकर सरहिंद फीडर नहर में जा गिरी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई तो वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक 45 लोगों को बचा लिया गया है।

पंजाब के मुक्तसर में एक बड़ा हादसा हो गया है। मुक्तसर में एक बस फिसलकर सरहिंद फीडर नहर में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। बस में फंसे 45 लोगों को बचाया गया है जिनका नजदीकी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल ये हादसा आज दिन में करीब 1:30 बजे हुई जब बस मुक्तसर से कोटकपुरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान नियंत्रण खोने की वजह से बस नहर में जा गिरी। इस हादसे में 2 महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक 45 यात्रियों को बस से बचा लिया गया है जिनका नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ट्वीट

मुक्तसर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, 'मुक्तसर-कोटकपूरा रोड पर नहर में एक प्राइवेट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद खबर मिली। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मैं बचाव अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। भगवान सभी की रक्षा करे।'

पुलिस प्रमुख ने दी ये जानकारी

मुक्तसर के पुलिस प्रमुख हरमनबीर सिंह गिल ने बताया, 'नहर से 5 शवों को बरामद किया है। इस दुर्घटना में 45 लोगों को बचाया गया है।'

बस सर्विस के मालिक ने बताया

दीप बस सर्विस के मालिक हरदीप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए यह जानकारी दी कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों बच गए हैं। उन्होंने ये भी कि, कार से टक्कर को बचाने के लिए ड्राइवर ने अचानक बस का ब्रेक लगाया। इसी वजह से बस फिसल गई और नहर में गिर गई।