Oommen Chandy Died: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी का निधन हो गया है। ओमन चांडी के बेटे ने अपने पिता के निधन की पुष्टि की है। लंबी बीमारी के बाद ओमन चांडी ने आज अंतिम सांस ली।

बेटे चांडी ओम्मन ने फेसबुक पर पोस्ट करके पिता के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि अप्पा का निधन हो गया। बताते चलें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता का बेंगलुरु में कैंसर का इलाज चल रहा था।

कांग्रेस नेता के. सुधाकरन ने जताया दुख

वहीं, केरल कांग्रेस अध्यक्ष के. सुधाकरन ने ट्वीट कर ओमन चांडी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी का निधन। प्रेम की शक्ति से दुनिया पर विजय पाने वाले राजा की कहानी का मार्मिक अंत हुआ। आज, मैं एक महान व्यक्ति के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को प्रभावित किया और उनकी विरासत हमेशा हमारी आत्माओं में गूंजती रहेगी।

ओमन चांडी को विदाई देना बेहद कठिन- पिनाराई विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने ओमन चांडी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम एक ही साल में विधानसभा के लिए चुने गए थे। इसी चरण में हम छात्र जीवन के माध्यम से राजनीतिक क्षेत्र में आए थे। हमने एक ही समय में सार्वजनिक जीवन जीया था और उन्हें विदाई देना बेहद कठिन है। ओमन चांडी एक सक्षम प्रशासक और लोगों के जीवन से करीब से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे।

ओमन चंडी के निधन पर शशि थरूर ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आज ऊर्जावान जन प्रतिनिधि को खोने का दुख है। मुझे इस बात का जरा भी एहसास नहीं था कि यह उनके साथ मेरा आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रमों में से एक था।