देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के कारण हो रही बारिश को देखते हुए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।  उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर, मानसून ने लगभग पूरे देश को प्रभावित किया है।

10:00:42 AM

बिहार के आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Bihar Weather: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश के मेहरबान रहने की संभावना है। जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर बिहार समेत अन्य क्षेत्रों में झमाझम वर्षा के आसार हैं।

आठ जिलों के मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी (heavy rain alert in Bihar) है। 

9:54:32 AM

उत्तराखंड के चार जिलों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही बादलों ने डेरा डाल लिया है। लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने नैनीताल, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

9:52:41 AM

उत्तराखंड में आज भारी वर्षा की चेतावनी

उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बुधवार के लिए IMD ने प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। 

9:50:51 AM

मुंबई में भी दिखा मानसून का असर, इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, नासिक, पुणे और सतारा में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

9:46:50 AM

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बाढ़ जैसे हालात

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

9:45:05 AM

दिल्ली के लिए IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिल्ली में अच्छी बरसात हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 

9:43:59 AM

दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम?

मानसून की दस्तक के तीसरे दिन मंगलवार को भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की वर्षा हुई। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम ही रिकॉर्ड किए गए। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा।