Priyanka Gandhi Live Updates: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को जबलपुर की शहीद स्मारक मैदान से कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम पुरानी पेंशन को लागू करेंगे, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा।

महिलाओं को नारी सम्मान निधि देने की घोषणा

उन्होंने कहा कि महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रति महान नारी सम्मान निधि दी जाएगी। साथ ही किसानों की जो कर्ज माफी कमलनाथ सरकार के समय प्रारंभ हुई थी, उसे पूर्ण किया जाएगा यह मेरी गारंटी है। उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक और हिमाचल में भी जो गारंटी दी थी उन्हें पूरा किया है।

कांग्रेस ने की बिजली बिल माफ करने की घोषणा

प्रियंका गांधी ने कहा कि हम मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 100 यूनिट बिजली माफ होगी और 200 यूनिट बिजली बिल हाफ होगी।

प्रियंका गांधी ने शिवराज सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां पर भ्रष्टाचार रिश्वत वाद चल रहा है और 225 से ज्यादा घोटाले हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा, जहां घोटाला ना हुआ हो। उन्होंने कहा कि अब तो किसानों के मुआवजा वितरण तक में घोटाला हो गया।

प्रियंका गांधी ने कहा

बेरोजगारी का आलम यह है कि तीन साल में मात्र 21 लोगों को ही रोजगार मिला है, जब यह बात मुझे पता चली, तो मैंने अपने ऑफिस से पुनः परीक्षण करने के लिए कहा, क्योंकि मैं यह मानती हूं कि जो कुछ भी आपसे कहूं वह गलत नहीं होना चाहिए तीन बार जांच कराई, तब भी यही बात निकल कर आई थी केवल 21 व्यक्तियों को ही तीन साल में रोजगार मिला है।

प्रियंका गांधी के चुनावी वादे

  • मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा।
  • एमपी में 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का एलान।
  • महिलाओं को 1500 रुपये प्रति महिना देने की घोषणा।
  • मध्य प्रदेश के किसानों की कर्ज माफी का एलान।

प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के लिए कुछ भी करते हैं। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में हमारे भी कुछ ऐसे नेता थे, जो सत्ता के लिए हमे छोड़कर चले गए और अपनी विचारधारा बदल लिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के दिलों में आपके लिए कोई आस्था नहीं है। यहां आकर घोषणाएं करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते हैं। बड़ी-बड़ी बाते होती हैं, डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की बाते होती हैं।

उन्होंने कहा कि ये हिमाचल और कर्नाटक में भी यही कहते थे। जनता ने इन्हें दिखा दिया कि ये डबल इंजन की बाते बंद करो और काम करो नहीं तो निकाल देंगे।

प्रियंका ने नर्मदा तट पर की पूजा-अर्चना

इससे पहले उन्होंने नर्मदा तट पर पूजा-अर्चना की। वह सोमवार को डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होना है।