नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि यह विडंबना है कि अमेरिकी यात्रा के दौरान राहुल गांधी बेशर्मी से भारत के लोकतंत्र की आलोचना करते हैं, जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ का कहना है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है।

व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा था कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और वहां जाने वाला कोई भी व्यक्ति इसे खुद महसूस कर सकता है। भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंताओं को प्रत्यक्ष तौर पर खारिज करते हुए व्हाइट हाउस ने यह बात कही।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि भारत के लोकतंत्र को लेकर दिया गया व्हाइट हाउस का यह बयान कांग्रेस के ‘युवराज’ के लिए एक करारा तमाचा है।

अमेरिका की यात्रा पर जाएंगे PM मोदी

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जाने वाले हैं। इस दौरान वह कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर व्हाइट हाउस ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने के लिए बेहद अहम है।

जफर इस्लाम ने ट्वीट कर कहा कि क्या यह विडंबना नहीं है कि जहां राहुल गांधी अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान बेशर्मी से हमारे लोकतंत्र की आलोचना करते रहे, वहीं व्हाइट हाउस का कहना है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है। कांग्रेस के युवराज के लिए यह करारा तमाचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा लोकतंत्र सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की तारीफ कर रही है, लेकिन राहुल गांधी अपने ही देश के बारे में विदेशी जमीन पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

भारत एक जीवंत लोकतंत्र है - व्हाइट हाउस

वाशिंगटन में व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सामरिक संचार के समन्वयक जॉन किर्बी ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है। जो कोई भी भारत जाता है इसे महसूस कर सकता है। निश्चित तौर पर मुझे उम्मीद है कि लोकतांत्रिक संस्थानों की ताकत और उनकी स्थिति चर्चा का हिस्सा होगी। जफर इस्लाम ने उन्हीं की टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

भारत के साथ बढ़ रहा रक्षा सहयोग- किर्बी

जॉन किर्बी ने कहा कि भारत कई स्तरों पर अमेरिका का मजबूत सहयोगी है। उन्होंने कहा कि शंगरी-ला सम्मेलन में भी डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन ने एलान किया था कि भारत के साथ रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ रहा है। इसके साथ ही भारत हिंद-प्रशांत महासागर की सुरक्षा के लिए गठित क्वाड का अहम सहयोगी है।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसी कई वजह है, जिनके आधार पर कहा जा सकता है कि भारत ना सिर्फ द्विपक्षीय संबंधों बल्कि बहुपक्षीय संबंधों के लिहाज से भी अमेरिका के लिए अहम सहयोगी है। पीएम मोदी के आगामी दौरे पर दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।