नई दिल्ली,  भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों को जबरन चुप कराना और देशद्रोही बताने का चलन खतरनाक है। ये हमारे लोकतंत्र और संविधान को नष्ट कर देगा।

संसद को आखाड़े में बदला गया- खरगे

खरगे ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज संसद को बहस के बजाय युद्ध के अखाड़े में बदल दिया गया है। यह काम विपक्ष द्वारा नहीं बल्कि सत्तारूढ़ दल ने किया है। खरगे ने डा बाबासाहेब आंबेडकर की 132वीं जयंती पर उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब हमेशा स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर चलने के लिए प्रेरित करते थे।

भारत के संविधान के निर्माता के रूप में हम सभी करते हैं उनका सम्मान

खरगे ने कहा कि आंबेडकर आर्थिक और सामाजिक रूप से भारत और समाज के परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के प्रतिदृढ़ थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी भारत के संविधान के निर्माता के रूप में उनका बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने बड़ी संख्या में मजबूत संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जातिगत भेदभाव, लैंगिक असमानता और विभाजनकारी राजनीति को समाप्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण हस्तक्षेप किए।

उन्होंने कहा कि उस समय के प्रमुख अर्थशास्त्री के रूप में आंबेडकर ने भारतीय रिजर्व बैंक की परिकल्पना करके भारत की कृषि, जल संसाधन प्रबंधन और हमारे बैंकिंग क्षेत्र में भी योगदान दिया। खड़गे ने जोर देकर कहा कि उनकी बेहतरीन विरासत को संरक्षण के लिए निरंतर देखभाल की जरूरत है।