वीटीआर (वाल्मीकि टाइगर रिजर्व) के नौरंगिया जंगल में गुरुवार दोपहर जलावन की लकड़ी चुनने गई एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

वारदात के बाद आरोपी शख्स फरार हो गया था। हालांकि, महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने पुलिस को घटना के संबंध में बताया कि गुरुवार दोपहर तीन बजे पीड़ित महिला चार अन्य महिलाओं के साथ नौरंगिया जंगल में जलावन की लकड़ी लेने के लिए गई थी।

सभी महिलाएं जंगल में अलग-अलग जगह पर लकड़ी चुन रही थीं। तभी जरलहिया निवसी बीसू सहनी पहुंचा और अकेला देखकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।

शोर मचाने पर जब तक अन्य महिलाएं पहुंचतीं, वह भाग निकला। पीड़िता जंगल से निकलकर थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए बेतिया भेज दिया गया।

एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने बताया कि सूचना के बाद थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा को आदेश दिया गया था कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर गिरफ्तार करें

इस पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने दारोगा वेदानंद सिंह, जमादार ललेश कुमार सिंह, सिपाही अरविंद कुमार व संत कुमार के साथ छापेमारी शुरू की थी।

इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी युवक सिरसिया के पास है और कहीं भागने की कोशिश में है। जिस पर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि इस पूरे मामले का 24 घंटे के अंदर पटाक्षेप करने के लिए थानाध्यक्ष सहित टीम में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही आरोपी को सजा दिलाने के लिए केस का स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा।