मौसम में आए बदलाव के कारण हिमाचल में धूप के साथ पर्यटन भी खिलने लगा है। तीन दिन के अवकाश के चलते मैदानी राज्यों से लोग शिमला, कसौली, मनाली, डलहौजी व धर्मशाला पहुंच रहे हैं। अधिकतर होटलों में आक्युपेंसी 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो कुछ दिन पहले 50 से 60 प्रतिशत तक थी। वीरवार रात से ही पर्यटक पहुंचने शुरू हो गए थे। अनुमान के अनुसार शुक्रवार तक प्रदेश में करीब सवा लाख पर्यटक पहुंचे हैं। शनिवार और रविवार को इसमें और वृद्धि होने की उम्मीद है।

मार्च के दूसरे पखवाड़े और अप्रैल के शुरुआत में ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। अब धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया है। सुबह-शाम ठंड है। पर्यटकों की आमद से होटल कारोबारियों के भी चेहरे खिले हैं। गर्मियों में और बेहतर कारोबार की उम्मीद है। पर्यटन नगरी कसौली के होटलों के कमरों में सौ प्रतिशत आक्युपेंसी रही। कसौली में शुक्रवार को करीब 800 वाहन पहुंचे।

दो द‍िन के ल‍िए पूरी तरह पैक है कसौली

कसौली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र चोपड़ा का कहना है कि कसौली दो दिन के लिए पूरी तरह पैक है। रोहतांग व कुल्लू-मनाली में अधिक पर्यटकप्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों में रोहतांग व कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की संख्या अधिक है। इसके बाद शिमला, कुफरी, नारकंडा, कसौली व धर्मशाला पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटकों को सेब के बगीचे व देवदार के वन लुभा रहे हैं। कालका से शिमला के बीच चलने वाली रेलगाड़ियों में भी एडवांस बुकिंग चल रही है।