नई दिल्ली, भाजपा (BJP) आज यानी 6 अप्रैल को देशभर में अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ध्वजारोहण किया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि भाजपा भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से मुक्त करने के लिए कड़े कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

 पीएम ने अपने संबोधन में कई बड़ी बातें कही...

2024 में फिर भाजपा सरकार

  • अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी को जमकर घेरा। इस बीच उन्होंने कहा कि भाजपा 2024 का चुनाव जीत रही है और इसको लेकर लोग पहले ही अपनी दिल की बात कहने लगे हैं।
  • पीएम ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के बावजूद, हमें आत्मसंतुष्ट होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सच कि भाजपा फिर सरकार बनाएगी, लेकिन कार्यकर्ताओं के रूप में हमें देश के हर नागरिक का दिल जीतना है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

  • पीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बादशाही मानसिकता वाले लोग गरीबों का अपमान करने का कोई जरिया नहीं छोड़ते थे, लेकिन 2014 के बाद से ये सभी लोग अब खराब स्थिति में हैं।

भाजपा के 44वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए, मोदी ने कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों की आलोचना की। उन्होंने विपक्षी दलों पर भाई-भतीजावाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद से बंधे होने का आरोप लगाया।

भगवान हनुमान की तरह करेंगे काम

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हनुमान जन्मोत्सव है और जिस तरह भगवान हनुमान ने राक्षसों का जमकर मुकाबला किया, उसी तरह सरकार भी देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निजात दिलाने के लिए सख्ती से काम करेगी।

विपक्ष हताशा से भरा

  • PM Modi ने अपने अपने भाषण में विपक्ष पर कई तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि अस्तित्व के संकट से जूझ रहीं विपक्ष पार्टियां सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ आरोप लगाने और साजिश रचने का सहारा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि वे नफरत और हताशा से भर गए हैं।