दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड से परेशान लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार से ठंड व शीतलहर और ज्यादा परेशान कर सकती है। 16 से 18 जनवरी तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजस्थान के कुछ जिलों में तो न्यूनतम तापमान माइनस में जाने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार को उस पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा, जिसके कारण अभी तापमान बढ़ रहा है। शनिवार से तापमान में फिर से गिरावट शुरू होगी। इस बार ठंड और शीतलहर का दौर 19 जनवरी तक चलने का अनुमान है। मौसम विभाग पहले ही इस वर्ष जनवरी की ठंड को 23 साल में तीसरी सबसे अधिक बता चुका है।

लाइव वेदर आफ इंडिया के संस्थापक नवदीप दहिया ने अनुमान जताया है कि 16 से 18 जनवरी के दौरान तीन दिन में भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ट्वीट किया कि उन्होंने इतना कम तापमान का अनुमान पहले कभी नहीं देखा है। इस बार मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे तक पहुंच सकता है। दहिया के पूर्वानुमान से मौसम विभाग व स्काईमेट वेदर ने असहमति जताई है।