कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज पंजाब में प्रवेश कर गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अमृतसर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) का दौरा किया। यहां उन्होंने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर राहुल गांधी पगड़ी बांधे नजर आए।

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इससे पहले हरियाणा के दूसरे चरण में थी। आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हरियाणा के अंबाला से हुई थी। भारी तादात में लोगों ने इस यात्रा में भाग लिया। दोपहर बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने शंभू बॉर्डर के रास्ते पंजाब में प्रवेश किया।

बता दें कि राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, स्थानीय सांसद गुरजीत सिंह औजला और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। हालांकि, पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं को मंगलवार सुबह तक राहुल गांधी के अमृतसर दौरे की जानकारी नहीं थी।