गुजरात में विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। बीजेपी 150 सीटों पर भारी मर्जिन से आगे है और बंपर जीत की ओर बढ़ रही है। सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस को हुआ है। जो सीटें गुजरात के 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पास थीं, वे भी फिसल रही हैं। ऐसे में कांग्रेस ने हंगामा करना शुरू कर दिया है। गांधीधाम से कांग्रेस के प्रत्याशी भरत सोलंकी ने काउंटिंग स्टेशन में भी आत्महत्या करने की कोशिश की। उन्होंने ईवीएम में बड़बड़ी का आरोप लगाया। वहीं एक अन्य प्रत्याशी ने कांग्रेस की हार का ठीकरा आम आदमी पार्टी पर फोड़ा है।

भरत सोलंकी ने EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए काउंटिंग स्टेशन पर हंगामा किया। उन्होंने अपने गले में फंदा बांधते हुए सुसाइड करने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोका।

गुजरात के धोराजी में ललित वसोया ने अपनी हार मानते हुए हार का ठीकरा आप पर फोड़ा। ललित वसोया ने कहा कि आम आदमी पार्टी मेरी सीट पर कांग्रेस को टक्कर दे रही है। स्पष्ट कहूं तो मैं धोराजी-उपलेटा सीट आम आदमी पार्टी की वजह से हार रहा हूं। आम आदमी पार्टी कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है। कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं है। आम आदमी पार्टी बीजेपी के इशारे पर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ने आई है।