आगरा: पंचोत्सव की दस्तक कल धनतेरस से शुरू हो रही है। त्योहार शुरू होने से पहले शुक्रवार को बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ जुटी हुई है। पुलिस प्रशासन भी त्यौहार को लेकर पूरी तरीके से मुस्तैद है। बाजारों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। 

शनिवार को धनतेरस है। धनतेरस पर सोने चांदी के आभूषण और बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान धन्वंतरि का जन्म हुआ था। इसलिए इसे धनतेरस के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। धनतेरस पर मां-लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति खरीदना भी शुभ माना जाता है। यही नहीं इस दिन झाड़ू खरीदना भी शुभ माना जाता है। इधर इस बार 27 साल बाद धनतेरस पर एक खास योग बन रहा है। इस वजह से 22 और 23 अक्टूबर दोनों दिन लोग धनतेरस की खरीदारी कर सकेंगे। एक ज्योतिष आचार्य ने बताया कि अगर आप अपनी राशि के अनुसार धनतेरस के दिन खरीदारी करेंगे तो आपके घर में सदैव माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार को धनतेरस की खरीदारी करने वाले लोग लोहे का कोई भी सामान ना खरीदें। दूसरी ओर हर बार दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा धूमधाम से की जाती है, लेकिन इस बार गोवर्धन पूजा 26 अक्टूबर को की जाएगी। क्योंकि 24 अक्टूबर की दिवाली है और अगले दिन 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है, जिसके कारण गोवर्धन पूजा पर्व 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा।