आगरा: ताजनगरी 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। पूरा शहर पानी पानी हो गया है। नालियां उफन रही हैं। लगातार बारिश की वजह से हादसे भी हो रहे हैं। रविवार सुबह एक मकान की छत गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। इधर लगातार बारिश और चमकती बादल की बिजली की वजह से चांदनी रात में भी ताज का दीदार नहीं हुआ।
एत्मादपुर क्षेत्र के गांव बास रिसाल में रविवार तड़के एक मकान के कमरे की छत गिर गई। छत के मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत हो गई। किसी तरीके से वृद्धा के शव को मलबे से बाहर निकाला गया। सूचना पर पुलिस के साथ ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। वृद्ध महिला का नाम रामवती था।
इधर शरद पूर्णिमा पर 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चांदनी रात में ताजमहल को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों ने टिकट खरीदी हैं। बीती रात बादल आसमान से हटे नहीं। ऐसे में चांद की रोशनी में ताजमहल को देखने की इच्छा इच्छा ही रह गई। करीब 400 पर्यटक वापस लौट गए।
 
  
  
  
  
   
   
  