आगरा: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के लिए मंदिरों में हवन-पूजन और मजारों पर चादर चढ़ा स्वास्थ्य लाभ की दुआएं मांगने का दौर जारी हैं। हाल ही में तबियत खराब होने पर मुलायम सिंह यादव को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

समाजवादी पार्टी के युवा नेता व निवर्तमान महानगर उपाध्यक्ष रिजवान रईसुद्दीन प्रिंस के नेतृत्व में गुरुवार को सपाईयों ने फतेहपुर सीकरी स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती रह अलैह की दरगाह शरीफ पर चादरपोशी की। इस दौरान सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआएं की गई। इस मौके पर प्रिंस ने बताया कि सब लोगों ने दरगाह शरीफ पर हाजिरी दी हैं और नेताजी की लंबी उम्र के लिए दुआएं की गई हैं। नेताजी जल्द स्वस्थ्य होकर हम सबके बीच होंगे। इस मौके पर दरगाह शरीफ के सज्जादानशीं सहित राशिद, जीशान, निजाम, मौरिस, सलीम खान, काशिफ, शौएब, हाजी बंटू, सगीर मुस्तफा सहित कई मौजूद रहे।