आगरा: नवागत जिलाधिकारी नवनीत चहल का पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जोर रहेगा। पर्यटकों के लिए क्या बेहतर सुविधाएं शुरू की जाएं, जिससे वह यहां स्टे कर सकें, इसके लिए वह सक्षम अधिकारियों से बात करेंगे।

जिलाधिकारी नवनीत चहल ने सोमवार रात को चार्ज ले लिया था। मंगलवार को उन्होंने कलक्ट्रेट में पत्रकार वार्ता की। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा सबसे पहले उनकी प्राथमिकता राम बरात को अच्छे तरीके से कराना है। इसके साथ ही जो सेना भर्ती चल रही है, उस पर भी उनका विशेष ध्यान रहेगा। वहां क्या-क्या व्यवस्थाएं की गई हैं। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी नगर से जानकारी ली गई है। साथ ही आर्मी के कर्नल से भी पूछा गया है कि उनकी प्रशासन से क्या क्या अपेक्षाएं हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आगरा में जो भी आता है वह यहां की छवि को लेकर जाता है। आगरा पूरे विश्व में ताजमहल की वजह से प्रसिद्ध है। आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वह विशेष ध्यान देंगे। साथ ही वह यह भी देखेंगे कि यहां रोजगार पर्याप्त रहे। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शहर साफ सुथरा दिखे इसके लिए वह प्रयास करेंगे। बंदरों को पकड़ने के लिए भी सक्षम अधिकारियों से बैठक करने की उन्होंने बात कही।

जिलाधिकारी ने अपने बारे में बताया कि वह 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सबसे पहले उन्होंने बहराइच में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में ज्वाइन किया। इसके बाद में वह मेरठ में एसडीएम और मुख्य विकास अधिकारी रहे। मेरठ के बाद वह मुख्य विकास अधिकारी झांसी रहे। जिला अधिकारी के रूप में वह अमरोहा, चंदौली और मथुरा में रह चुके हैं। वह एमटेक और एमबीए हैं। आईएएस में चयनित होने से पहले वे कारपोरेट सेक्टर में जॉब भी कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी भी ली। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल हिमांशु गौतम, अपर जिला अधिकारी नगर अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।