दिल्ली नोएडा डायरेक्ट फ्लायवे (DND) के पास यमुना नदी में डूबने से 5 लड़कों की मौत हो गई. बताया गया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच लड़के यमुना नदी में डूब गए थे. घटना रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है.सभी मृतक यूपी के ग्राम सलारपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं.

रविवार दोपहर को पांच लड़कों के डूबने के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई. मौके पर पहुंची पहुंची पुलिस ने डीएम ईस्ट बोट क्लब और फायर ब्रिगेड स्टाफ की मदद से पांचों लड़कों के शव को नदी से बरामद किया और पोस्ट मार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा दिया गया.

दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा यूपी के ग्राम सलारपुर से भगवान कृष्ण की मूर्ति विसर्जन के लिए 17-18 लड़कों का समूह डीएनडी के नीचे यमुना नदी पर आया हुआ था. सभी ने मिलकर मूर्ति विसर्जित की. लेकिन मूर्ति नदी में कुछ दूरी पर जाकर अटक गई. मूर्ति को फिर से पानी में विसर्जित करने के लिए 6 लड़कों ने दोबारा नदी में छलांग लगी दी. लेकिन एक ही लड़का वापस किनारे पर आ सका. बाकी के पांच लड़के पानी के तेज बहाव के चलते यमुना में डूब गए.