बालोतरा, 11 जून। बालोतरा जिले की पंचायत समिति बायतु की ग्राम पंचायत वीरेंद्र नगर में बुधवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गेहूंवाला नाड़ी पर श्रमदान एवं पीपल वृक्ष का पूजन किया और एक भव्य कलश यात्रा निकालकर जल एवं पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। 

सुबह होते ही वीरेंद्र नगर के ग्रामीण, जिनमें महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल थे, पूरे उत्साह के साथ गेहूंवाला नाड़ी पर एकत्रित हुए। उन्होंने नाड़ी से गाद निकालने, किनारों को साफ करने और जल ग्रहण क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए घंटों श्रमदान किया। इस सामूहिक प्रयास ने नाड़ी की जल धारण क्षमता को बढ़ाने में मदद की और वर्षा जल के संग्रहण के लिए उसे तैयार किया।

 

श्रमदान के पश्चात ग्रामीणों ने पीपल के वृक्ष का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान पर्यावरणविदों ने पीपल के औषधीय गुणों और पर्यावरण संतुलन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। पीपल को ऑक्सीजन का एक महत्वपूर्ण स्रोत बताया गया, और वुक्षारोपण कर उसके संरक्षण की अपील की गई। इसके बाद गांव में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं अपने सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं, जो जल को जीवन और पवित्रता का प्रतीक दर्शा रहे थे। यह यात्रा के माध्यम ये ग्रामीणों को जल संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाये।

 

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जन-जन को अपने स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण और पेड़ों के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करता है। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी भागीरथ चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बालाराम मुढ़ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संदेश दिया गया कि हम सभी प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते है। इस अवसर पर ग्रामीणों को कपड़े के थैलों का भी वितरण किया गया। वीरेंद्र नगर की यह पहल इस अभियान की सफलता का एक बेहतरीन उदाहरण है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के इस उत्साह और सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जन अभियानों से ही हम अपने प्राकृतिक संसाधनों को बचा सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।