अल्लू अर्जुन स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म पुष्पा- द रूल रिलीज हो गई है। क्राइम और एक्शन थ्रिलर इस फिल्म की लेंथ है, 3 घंटे 20 मिनट, पहली फिल्म में साधारण मजदूर रहा पुष्पा राज (अल्लू अर्जुन) अब लाल चंदन की लकड़ियां सप्लाई करने वाला सबसे बड़ा स्मगलर हो गया है। वह हजारों करोड़ों की डील करता है। जाहिर सी बात है कि उसके दुश्मन भी बढ़ गए हैं। एसपी भंवर सिंह शेखावत (फहाद फासिल) पिछली बार हुए अपमान को अब तक भूल नहीं पाया है। वह आए दिन पुष्पा और उसके सहयोगियों के खिलाफ अभियान छेड़ता रहता है।इन सब के बीच पुष्पा का स्वैग और ज्यादा बढ़ गया है। वह अपने आत्मसम्मान के लिए किसी भी कीमत पर कुछ भी करने को तैयार रहता है। इतना ही नहीं, प्रदेश का मुख्यमंत्री उसके साथ फोटो खिंचाने को मना करता है तो वह पैसे और पावर का इस्तेमाल करके तख्तापलट कर देता है।पुष्पा इस बार 5000 करोड़ में चंदन की लकड़ियों का सबसे बड़ा डील करता है। उसे सारा माल विदेश भिजवाना रहता है, लेकिन उसकी राह में भंवर सिंह शेखावत सबसे बड़ा रोड़ा बनता है। अब पुष्पा अपना माल भंवर से बचा पाता है कि नहीं, इसके लिए आपको फिल्म देखनी पड़ेगी।इन सब के अलावा पुष्पा की पर्सनल लाइफ में भी बहुत कुछ चलता रहता है। पुष्पा का भाई मोहन अभी भी उसे नाजायज कहकर ताने मारता है। हालांकि, अंत में कुछ ऐसा होता है कि मोहन की आंखें खुल जाती हैं और वह पुष्पा से माफी मांग लेता है। जाहिर सी बात है कि पूरी फिल्म में दो ही कलाकार दिखाई देंगे। पहले अल्लू अर्जुन और दूसरे फहाद फासिल। अल्लू अर्जुन ने गजब की एक्टिंग की है। कुछ सीन्स तो रौंगटे खड़े करने वाले हैं। उनके ऊपर पुष्पा का स्वैग खूब जंचता है।डांस और एक्शन की जितनी तारीफ की जाए कम है। इस बार अल्लू अर्जुन ने कुछ ऐसा कर दिया है, जो शायद कभी नहीं किया होगा। साड़ी पहनकर उन्होंने पर्दे पर जो मारधाड़ किया है, ऐसा शायद कम ही देखा गया है।साथ ही, फहाद फासिल भले ही निगेटिव भूमिका में हैं, लेकिन उनका नटखट अंदाज खूब रास आया है। कभी गुस्सा तो कभी मजाक, उनके फेस एक्सप्रेशन भी गजब के लगे हैं। अल्लू अर्जुन के साथ उनका फेस ऑफ और नोकझोंक देखकर मजा आएगा।यहां रश्मिका मंदाना की भी बात करनी जरूरी है। उन्हें इस बार पिछली बार से ज्यादा स्क्रीन टाइम मिला है। उन्होंने अपने रोल के साथ न्याय भी किया है।