भारत और मलेशिया 2 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास करेगा। भारतीय सेना ने बताया कि युद्धाभ्यास मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर के बेंटोंग कैंप में होगा। इस युद्धाभ्यास को हरिमाऊ शक्ति- 2024 नाम दिया गया है।पिछली साल यह अभ्यास भारत में मेघालय के उमरोई छावनी में हुआ था। इसमें मलेशियाई सेना की 5वीं रॉयल बटालियन और भारत की राजपूत रेजिमेंट की एक बटालियन ने हिस्सा लिया था।इसके अलावा भारतीय सेना और सिंगापुर आर्म्ड फोर्सेज के बीच अग्नि योद्धा सैन्य अभ्यास 30 नवंबर को पूरा हो गया। महाराष्ट्र के देवलाली में हुआ यह युद्धाभ्यास इसका 13वां संस्करण था। तीन दिन चले अभ्यास में सिंगापुर आर्टिलरी के 182 और भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट के 114 जवान शामिल थे। कहने को युद्ध अभ्यास एक तरह के काल्पनिक युद्ध होते हैं, लेकिन इनमें जोखिम असली युद्ध जैसे ही होते हैं। इसकी वजह यह है कि अभ्यास के लिए भी असली हथियारों का इस्तेमाल होता है। इस दौरान हादसे भी होते हैं।ऐसा ही एक हादसा इसी साल 28 जून को हुआ था, जिसमें पांच जवान शहीद हुए थे। लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी इलाके में श्योक नदी पर नदी पार करने का अभ्यास किया जा रहा था। अचानक आई बाढ़ में एक टी-72 टैंक बह गया और पांच जवान शहीद हो गए।