पंजाब कांग्रेस के प्रदेश प्रधान और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज लोक सभा में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लोकसभा भवन के बाहर आज वड़िंग के साथ पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, श्री फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह और फिरोजपुर से सांसद शेर सिंह घुबाया ने भाजपा खिलाफ नारेबाजी की।लोकसभा के बाहर खड़े होकर भाजपा के खिलाफ हाथ में तख्तियां पकड़ विरोध जताया। राजा वड़िंग ने भाजपा को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा पंजाब से फसलों की खरीद करने में देरी कर रही है। इस बीच राजा वड़िंग ने केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर भी निशाना साधा।वड़िंग ने कहा कि प्रियंका गांधी देश और देश के लोगों के लिए अपनी आवाज बुलंद करती आई है। देश के लोगों की डिमांड थी कि प्रियंका राजनीति में आए। जहां तक रवनीत सिंह बिट्टू का सवाल है तो बिट्टू खुद 3 बार कांग्रेस से सांसद रहे है। उनके दादा स्व. बेअंत सिंह मुख्यमंत्री रहे है। उनके भाई को कांग्रेस पार्टी ने मंत्री और विधायक बनाया था।