कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को झारखंड में पहले चरण की 43 सीटों के लिए अपने चुनावी सभा का आगाज ईसाई बहुल सिमडेगा से किया। गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'जब BJP के लोग आदिवासी को वनवासी कहते हैं तब वे आपके इतिहास, आपके जीने के तरीके को खत्म करने की कोशिश करते हैं। आदिवासी का मतलब है- देश के सबसे पहले मालिक, आदिवासी सिर्फ एक शब्द नहीं हैं, बल्कि आपका पूरा इतिहास है।'इसके बाद वह लोहरदगा में भी जनसभा करेंगे। झारखंड में दो चरणों 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। पहले फेज में 43 सीटें और दूसरे फेज में 38 सीटों पर वोट पड़ेगा। रिजल्ट 23 नवंबर को आएगा।
राहुल गांधी के भाषण की मुख्य बातें
· इस वक्त देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। हम संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, वो खत्म करना चाहते हैं। हम एकता, भाईचारा और संविधान से देश चलाना चाहते हैं।
· हिन्दुस्तान की सरकार को 90 लोग चलाते हैं। कुछ आईएएस हैं। टैक्स आप देते हैं और ये तय करते हैं कॉलेज कहां बनेंगे, बजट कहां खर्च होगा।
· आदिवासियों की संख्या 8 फीसदी है, लेकिन इन 90 लोगों में से सिर्फ एक अफसर है। वो भी एकदम पीछे बैठा है।
· मैं 90 फीसदी लोगों की भागीदारी की बात करता हूं तो मोदी जी बोलते हैं राहुल गांधी देश तोड़ना चाहते हैं।
· मणिपुर जल गया लेकिन आज तक प्रधानमंत्री नहीं गए हैं। BJP-RSS की विचारधारा ने एक राज्य को जला दिया।
· रिजर्वेशन की दीवार को तोड़ेंगे और उसका दायरा बढ़ाएंगे।