दौसा में विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी लगातार मंडल केंद्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने व संगठन को मजबूती देने में जुटे हैं। बीते एक सप्ताह में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा व प्रदेश मंत्री अजीत मांडन ने मंडल केंद्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। पदाधिकारियों ने विधानसभा उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय होकर पार्टी के लिए काम करने की बात कही।इसी प्रकार कांग्रेस ने भी विधानसभा उपचुनाव को लेकर संगठन व चुनाव प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आदेश जारी कर दौसा विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश खंडेलवाल और महासचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज को संगठन प्रभारी तथा विधायक रफीक खान, डूंगरराम गेदर, महेन्द्र गहलोत व द्रोपदी कोली को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। यहां सांसद मुरारी लाल मीणा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ लगातार सक्रिय मोड़ में काम कर रहे है। उपचुनाव की तैयारी को लेकर सांसद सभी मंडल केंद्रों कर चुके हैं।वहीं दूसरी ओर बसपा व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला पदाधिकारी दौसा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर संगठन को मजबूती देने में जुटे हुए हैं। ऐसे सभी प्रमुख पार्टियों द्वारा उपचुनाव की तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। ताकि दौसा सीट पर जीत हासिल की जा सके। यहां 18 अक्टूबर से नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू होगी और 13 नवंबर को मतदान होगा।