कोटा के मेले दशहरा का उद्घाटन गुरुवार शाम को होना है। मेले का उदघाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। वहीं उदघाटन के बाद कार्यक्रम में वर्तमान में मथुरा सांसद व फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी दुर्गा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। गुरुवार सुबह वह विमान से कोटा एयरपोर्ट पहुंची, जहां निगम अधिकारियों ने उनकी आगवनी की। शाम सात बजे दशहरा मैदान में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही है।

हेमा मालिनी को साल 1996 में कोटा दशहरा मेले में बुलाने के प्रयास किए गए थे। उस समय लगभग सारा कार्यक्रम तय भी हो गया था, एडवांस राशि हेमा मालिनी को दे दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी वह कोटा नहीं आई थी। इसे लेकर उस समय विवाद हुआ था। मामला कोर्ट तक पहुंचा था। उस समय पार्षद रहे सुरेश गुर्जर की तरफ से कोर्ट में मामला पहुंचाया गया था। जिसमें हेमा मालिनी से राशि वसूलने की मांग की गई थी। साल 1996 में नगर निगम ने करीब ढ़ाई लाख रूपए में हेमा मालिनी के कोटा आने का फाइनल हुआ था। इसके लिए एडवांस भी दे दिया गया था।