अमेरिका के फडेरल रिजर्व की अहम मीटिंग से पहले सेंसेक्स ने आज यानी 18 सितंबर को 83,310 और निफ्टी ने 25,478 का नया ऑलटाइम हाई बनाया है।अभी सेंसेक्स 190 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 83,270 के स्तर पर और निफ्टी 50 अंक की तेजी के साथ 25,470 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में तेजी और 7 में गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 33 में तेजी और 17 में गिरावट है। फाइनेंशियल सेक्टर के शेयर में सबसे ज्यादा तेजी है। फेडरल रिजर्व चार साल में पहली बार ब्याज दरें घटाने जा रहा है। इसे 25 से 50 आधार अंक तक घटाया जा सकता है। महंगाई को कंट्रोल में रखने के प्रयास के तहत अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने मार्च 2022 से जुलाई 2023 के बीच 11 बार ब्याज दरों में इजाफा किया था।अंतिम बार जुलाई 2023 में ब्याज दर 0.25% बढ़ाकर 5.25% से 5.50% की थी जो 23 साल में सबसे अधिक है। उसके बाद से फेड ने दरें जस की तस रखी हैं। ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से अमेरिकी बाजारों के साथ ही भारत के शेयर बाजार में भी तेजी आई है।