महाराष्ट्र में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए NDA नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 140-150 पर भाजपा प्रत्याशी उतार सकती है। शिवसेना शिंदे गुट 80, अजीत पवार की NCP 55 और अन्य को कुछ सीटें दिए जाने की चर्चा है।महाराष्ट्र में NDA का सीधा मुकाबला कांग्रेस, उद्धव ठाकरे और शरद पवार के गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) से है। 2024 लोकसभा चुनाव में MVA ने 48 सीटों में से 30 सीटों पर जीत हासिल की थी। NDA को सिर्फ 17 सीटें मिली थीं। MVA विधानसभा चुनाव में यही प्रदर्शन दोहराने की तैयारी में है। महायुति की दूसरे दौर की बैठक 31 अगस्त को नागपुर में हुई थी। NCP के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि 3 घंटे तक चली इस मीटिंग में महाराष्ट्र की 288 में से 173 सीटों पर सहमति बन गई है। इनमें सबसे ज्यादा सीटें भाजपा को देने का फैसला किया गया है। भाजपा के बाद शिवसेना और NCP को सीटें मिलेंगी।इस बैठक में CM एकनाथ शिंदे, डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार समेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, NCP प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, NCP नेता प्रफुल पटेल मौजूद थे।मीटिंग से पहले अजित ने कहा था- 2019 के चुनाव में हमने 54 सीटें जीती थीं। इस बार हमें तीन कांग्रेस विधायकों और तीन निर्दलीयों का समर्थन हासिल है, इसलिए हमारी ताकत बढ़ती जा रही है। हम इस विधानसभा चुनाव में 60 सीटों की मांग करेंगे।