डीग जिले में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने पर विवाद हो गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया। टायर जलाए। हालात को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हालांकि फिलहाल शांति है।दरअसल, कामां इलाके में रविवार रात ढाई बजे जुरहरा रोड स्थित अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा की अंगुली एक युवक ने तोड़ दी थी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर पार्क में जाता हुआ दिख रहा है।सुबह जब लोगों को प्रतिमा को खंडित करने की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद सोमवार सुबह 11 बजे स्थानीय लोग अंबेडकर पार्क में जुटना शुरू हो गए। बड़ी संख्या में लोग कोसी और अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे और जाम लगा दिया।जाम लगने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस बीच लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और फायर ​ब्रिगेड की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के होर्डिंग्स भी फाड़ दिए। लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया।एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद लोग माने और करीब 12 बजे जाम खोला गया।