भजनलाल सरकार ने प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 108 अधिकारियों को बदला है। इनमें 96 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है जबकि एपीओ चल रहे 10 IAS को भी पोस्टिंग दी गई है। सभी को उद्योग विभाग में ही विशेषाधिकारी के पद पर लगाया गया है।वहीं, वित्त विभाग के एसीएस अखिल अरोड़ा और गृह विभाग के प्रमुख सचिव आनंद कुमार को नहीं बदला गया है। अरोड़ा कांग्रेस राज के दौरान भी वित्त विभाग के एसीएस रहे। जबकि आनंद कुमार साल 2022 से एक ही विभाग में हैं। नए फेरबदल में जयपुर व बांसवाड़ा के संभागीय आयुक्त का भी ट्रांसफर किया गया है। वहीं, जयपुर सहित 13 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की एसीएस शुभ्रा सिंह का ट्रांसफर रोडवेज अध्यक्ष पद पर किया है। उन्हें लंबे समय से बदलने की चर्चाएं थीं। गायत्री ए राठौड़ का पर्यटन विभाग से स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर लगाया है। वहीं, भास्कर सावंत पीएचईडी के प्रमुख सचिव होंगे। समिति शर्मा को पशुपालन में भेजा गया है। एसीएस श्रेया गुहा को परिवहन से ग्रामीण विकास विभाग में नई पोस्टिंग मिली है।वैभव गालरिया को कृषि विभाग के प्रमुख सचिव से यूडीएच प्रमुख सचिव के पद पर पोस्टिंग दी है। टी रविकांत को यूडीएच प्रमुख सचिव से खान और पेट्रोलियम विभाग के प्रमुख सचिव पद पर लगाया है। सेंट्रल ​डेपुटेशन से लौटने के बाद एपीओ चल रहे राजेश यादव को स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर पोस्टिंग दी है।