राज्य सरकार इस शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूलों की छात्राओं को दी जाने वाली साईकिल का रंग बदलने जा रही है। इसके बाद सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने बीजेपी पर उनकी योजनाओं को बदलने का आरोप लगाया है।इसके जवाब में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- कांग्रेस को भगवा रंग से क्या परहेज है। भगवा रंग तो त्याग और तेज का प्रतीक हैं। पता नहीं इन्हें भगवा से क्या आपत्ति हैं। ये सपने में भी भगवा-भगवा करते रह जाएंगे और हम पनपते जाएंगे।दरअसल, ये बात मदन राठौड़ ने बुधवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कही। वे बोले- पिछली बीजेपी सरकार में भी छात्राओं को भगवा रंग की साईकिल ही दी जाती थी। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही साईकिल का रंग बदलकर काला कर दिया था। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का दो तरह का व्यवहार औऱ तरीका ठीक नहीं है। कांग्रेस ने हमेशा बीजेपी की योजनाओं का नाम बदला है। अशोक गहलोत ने जब साईकिल का रंग भगवा से काला कर दिया था, तब उनसे कोई सवाल क्यों नहीं किया गया।वहीं जब यह बार-बार भवन का नाम बदलकर राजीव गांधी के नाम पर कर देते हैं। तब इनसे सवाल क्यों नहीं किया जाता हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह दो तरीके का व्यवहार ठीक नही है।