कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने सुसाइड कर लिया। युवक शराब के नशे में हुड़दंग कर रहा था। इससे परेशान होकर उसके पिता थाने में शिकायत देने गए। पीछे से बेटे ने कमरे में फांसी लगा ली। उद्योगनगर थाना ASI हरवीर सिंह ने बताया- युवक दीपू सिंह (26) प्रेम नगर थर्ड इलाके में रहता था। भामाशाह मंडी में ट्रैक्टर चलाता था। दो भाइयों में बड़ा था। अपने दादा-दादी और पिता के साथ रहता था। मृतक के पिता नरेंद्र ने शिकायत में बताया कि वह शराब का आदि था। शराब के नशे में रविवार को उत्पात कर रहा था। उसे समझाया भी लेकिन नहीं माना। उससे कहा तेरी शिकायत थाने में देकर आता हूं। ये कहकर घर से थाने में शिकायत देने निकल गया। घर पर छोटा बेटा दूसरे कमरे में था। शाम साढ़े 5 बजे के करीब दीपू ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। पता लगने पर उसे नीचे उतारकर एमबीएस हॉस्पिटल लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। हॉस्पिटल में ड्यूटी डॉक्टर ने चैक कर उसे मृत घोषित किया।
शराब के नशे में युवक ने किया सुसाइड:कमरे में फंदे पर लटका, दूसरे कमरे में था छोटा भाई, घर में मचाया था हुडदंग
 
  
  
  
   
   
   
  