यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अगर भारत और वहां के लोग रूस के प्रति अपना रवैया बदल लें तो यह जंग खत्म हो सकती है और पुतिन खुद यह फैसला लेंगे। भारत का रूस की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है।शुक्रवार को PM मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद जेलेंस्की ने कहा, "हमने भारत के रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर चर्चा की। जंग की वजह से दुनिया में रूस पर ट्रेड से जुड़ी कई तरह की पाबंदियां लगी हुई हैं। लेकिन इस बीच भारत के दरवाजे खुले हैं। अगर भारत रूस से तेल आयात करना बंद कर देगा तो यह पुतिन के लिए बड़ी चुनौती होगी।" जेलेंस्की ने कहा, "युद्ध के बीच भारत और चीन से आ रहे अरबों रुपए ने पुतिन की मदद की है। हमें रूस को हथियार बनाने के लिए पैसे देना बंद करना होगा।" यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि पुतिन भारत के PM मोदी का सम्मान नहीं करते हैं। इसी वजह से उन्होंने मोदी की रूस यात्रा के दौरान यूक्रेन के अस्पताल पर हमला किया।रूस-यूक्रेन जंग से जुड़े UN प्रस्ताव पर भारत के रुख को लेकर जेलेंस्की ने कहा, "मैं खुश नहीं हूं कि हमें भारत का साथ नहीं मिला। हम अब अगली बार प्रस्ताव पेश होने से पहले उनसे बात करने की कोशिश करेंगे। हम चाहते हैं कि भारत हमारे पक्ष में हो। भारत जंग रुकवाने में अहम भूमिका निभा सकता है।"