हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इन चर्चाओं के बीच विनेश ने शुक्रवार को नई दिल्ली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा से मुलाकात की। चर्चा विनेश की प्रियंका गांधी से मुलाकात की भी थी, लेकिन यह मुलाकात नहीं हुई। विनेश 5 दिन पहले ही पेरिस से भारत लौटी हैं।वहीं, विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर हुड्डा ने कहा, "यह एक काल्पनिक सवाल है, लेकिन एथलीट सिर्फ एक पार्टी के नहीं होते। वे पूरे देश के होते हैं। अगर कोई पार्टी में शामिल होता है, तो आपको पता चल जाएगा। जो भी पार्टी में शामिल होता है, हम उसका स्वागत करते हैं, लेकिन यह एक काल्पनिक सवाल है। यह उन (विनेश) पर निर्भर करता है।"हुड्‌डा ने कहा कि विनेश के साथ अन्याय हुआ है। उन्हें उनका उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्हें राज्यसभा में मनोनीत किया जाना चाहिए। हुड्‌डा यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, "मैंने बोला था कि उन्हें वही सम्मान मिलना चाहिए जो स्वर्ण पदक विजेता को मिलता है। उन्हें वह नहीं मिला। सरकार ने उनके लिए रजत पदक सम्मान की घोषणा की। मैंने कहा था कि जैसे सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा में मनोनीत किया गया था, वैसे ही उन्हें भी मनोनीत किया जाना चाहिए। उन्हें न्याय नहीं मिला।"वहीं, विनेश फोगाट से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया (X) पर शेयर करते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने लिखा, "दिल्ली निवास पर देश की बेटी, हरियाणा की शान, हमारी बहन विनेश फोगाट और उनके पति भाई सोमवीर राठी से पारिवारिक भेंट हुई।"मुलाकात के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्‌डा, पत्नी आशा हुड्‌डा और दीपेंद्र की पत्नी श्वेता हुड्‌डा मौजूद थे। विनेश के साथ उनके पति सोमवीर राठी भी पहुंचे थे।