रोहतक। सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को अवैध खनन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया है। पिछले कुछ दिन पहले सुरेंद्र पंवार और यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के यहां छापेमारी की गई थी। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र को रात (शनिवार) करीब ढाई बजे अरेस्ट किया गया।

उनकी गिरफ्तार को लेकर रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का बयान भी सामने आया है। रोहतक सांसद ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की एक लहर बन चुकी है और जनता को भाजपा से नाराजगी है।

इस समय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे जितना विपक्ष को निशाने पर लेंगे उतना ही जनता भाजपा को निशाने में लेगी और हरियाणा में यही माहौल बन गया है।

अवैध खनन मामले में हुई गिरफ्तारी

सोनीपत विधायक को कल देर रात (शनिवार) गहन जांच के बाद हिरासत में लिया गया, जिसमें अवैध खनन घोटाले में उनके शामिल होने का पता चला है। ईडी की टीम ने कथित अवैध गतिविधि में विधायक की भूमिका को उजागर करते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत भी जब्त किए हैं।

ईडी की जांच और सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी ने हरियाणा के राजनीतिक और व्यापारिक हलकों में हलचल मचा दी है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां और कुर्कियां होने की संभावना है।