21 फीट ऊंचे रथ पर नगर भ्रमण को निकले भगवान जगन्नाथ 

 श्रद्धालुओं में भगवान का रथ खींचने की लगी होड़ 

श्रीमाधोपुर 

नगर आराध्य देव श्री गोपीनाथ मंदिर से आज शुक्रवार को उड़ीसा के पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान श्रीमाधोपुर ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने अपने हाथों से भगवान के 21 फीट ऊंचे रथ को खींचकर आशीर्वाद लिया। रथयात्रा में श्रद्धालुओं ने संकीर्तन और भजनों पर जमकर नृत्य किया। रथ के आगे सड़क पर श्रद्धालुओं ने झाड़ू लगाई। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा की जगन्नाथ पुरी से लाई हुई दो-दो फीट की काष्ठ प्रतिमाओं को रथ में विराजित कर नगर के चारों बाजारों में यात्रा निकाली। मंदिर महंत डॉ. मनोहर शरण दास ने बताया कि इस यात्रा को भगवान गोपीनाथ जी मंदिर से शहर के मुख्य मार्गो से गुजारा गया। यात्रा में हर कोई भक्त भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते हुए नजर आए। शाम को भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए युवा पारंपरिक धोती कुर्ता की वेशभूषा में पहुंचे। महिलाएं भी बड़ी तादाद में शामिल हुईं।

जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा, भक्तों की हुई मान मनुहार

वही शहर प्रमुख बाजारों में जगह-जगह तोरण द्वार लगाकर भक्तों ने जगन्नाथ रथ यात्रा का स्वागत किया। रथ यात्रा में 20 से अधिक जगहों पर पुष्प वर्षा की गई तथा आतिशबाजी की। लोगो की ओर से मुख्य मार्ग पर भक्तों की सेवा के लिए जूस, आइसक्रीम, चॉकलेट, शर्बत, पानी व नाश्तें कचौरी सहित कई व्यवस्थाएं की गई और भक्तों की मनुहार की गई।