अजमेर। अजमेर में दुल्हन ने बिल्डिंग की 7वीं मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। युवती की एक दिन पहले 7 जुलाई को ही शादी हुई थी। घटना बीके कौल नगर स्थित गोकुलधाम अपार्टमेंट में सोमवार दोपहर 3.30 बजे हुई।

क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया कि कोमल शर्मा (32) पत्नी रोनक बंसल ने सुसाइड किया है। युवती जयपुर की रहने वाली थी। उसकी अजमेर के बीके कौल नगर गोकुलधाम अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर-602 निवासी रोनक बंसल से रविवार को शादी हुई थी। कोमल और रोनक की इंटर कास्ट अरेंज मैरिज थी। रोनक के साड़ियों का बिजनेस है।

पुलिस ने बताया सोमवार सुबह 4 बजे फेरे हुए और सुबह 7 बजे दूल्हा-दुल्हन घर पहुंचे थे। इसके बाद घर में दुल्हन के आने पर रस्में चल रही थीं। इस दौरान दुल्हन को घबराहट हुई। वह अपने पति के साथ छत पर चली गई। पति को बोली कि बैठने के लिए एक कुर्सी लेकर आ जाओ। पति छत पर दूसरी तरफ रखी कुर्सी लेने के लिए गया। इस दौरान उसने छलांग दी। पति दौड़ता हुआ नीचे भागा और परिवार के साथ हॉस्पिटल लेकर गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवती की पीहर जयपुर वैशाली नगर में है। हादसे की जानकारी मिलने पर उसके परिजन अजमेर पहुंचे। युवती के घरवालों का प्रॉपर्टी का कारोबार है। आज शाम को भी ससुराल वालों की तरफ से प्रोग्राम था, जिसमें रिश्तेदार और अन्य मेहमान शामिल होने वाले थे।

इधर, दुल्हन की बहन सोनाली ने आरोप लगाया कि रोनक झूठा है। शराब पीता है और गुटखा भी खाता है। लड़का सही नहीं लग रहा। लड़के से पूछा तो कहा था- केवल पार्टी में ही पीता हूं। गुटखा तो कब का छोड़ दिया। नशे में फेरों के बीच लड़ रहा था, मेरी बहन बहुत स्ट्रांग थी। हमारी शादी उसने की है। हम तीनों भाई-बहनों को उसने पाला था। वह सुसाइड नहीं कर सकती। सोनाली ने कहा कि दीदी ने एमकॉम किया हुआ था और टीचर थी, 50 हजार रुपए महीना कमाती थी। मम्मी-पापा को भी सपोर्ट करती थी वह कभी सुसाइड नहीं कर सकती।

दुल्हन के पिता दीपक शर्मा का आरोप है कि मुझे डाउट हो रहा है। इनके आपस में छत पर कोई न कोई बात हुई है। दूल्हे ने शराब पी रखी थी। गुस्से में लड़के ने कोई बात बोली है। घटना के बाद जयपुर से आते हुए लड़के और उसके माता-पिता को कई बार कॉल किया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। दोपहर 3 बजे मेरी पत्नी के पास लड़के की मां का कॉल आया, अजमेर आ जाओ। मेरी बच्ची बहुत स्ट्रांग थी। शादी से पहले पता होता तो मेरी बेटी खुद मना कर देती। पूरा परिवार उसी ने संभाल रखा था।

लड़की के पिता ने बताया  कि शादी में बेटी के ससुराल वालों के लिफाफे बनाते-बनाते परेशान हो गया था। दामाद का 11 हजार का बनाना है, उसका 51 हजार का बनाना है। ऐसे करते-करते करीब 40 से 50 लिफाफे बनाए थे। शादी से कुछ दिन पहले ही एक वीडियो देखकर बेटी को बोला था कि ये शराब पीता है। बेटी को भी बताया था, पर सब कुछ भगवान पर छोड़ दिया था।

दुल्हन के पिता दीपक शर्मा ने बताया हंसी-खुशी बेटी विदा होकर गई थी। ससुराल वालों ने कहा था कि हम अभी नहीं भेजेंगे, 14 तारीख को ही भेजेंगे। गणेश जी के ब्राह्मण 14 जुलाई को ही करना। 10 जुलाई को हमारे यहां है। वो अड़ गए कि 14 जुलाई को ही भेजेंगे और उसी दिन दोनों जाएंगे और वापस आ जाएंगे। मेरे पुराने जानकार ने रिश्ता बताया था। उन्होंने कहा था कि मेरी बुआ का लड़का है, अच्छा परिवार है। उनकी एक लड़की की शादी हो चुकी है। घर में लड़का और उसके माता-पिता ही है। शर्मा का आरोप है कि बेटी को धक्का देकर गिराया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक हमें न्याय नहीं मिलता, बेटी का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

दुल्हन की मौत के बाद से दुल्हा गायब है। पुलिस ने परिजनों को कहा कि कॉल करके बुलाए। इसके बाद भी वह सामने नहीं आया है। मामले की जानकारी पर अजमेर उत्तर डीएसपी रुद्रप्रकाश शर्मा हॉस्पिटल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। रात 8 बजे बाद रोनक क्रिश्चियन गंज थाने पहुंचा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।