नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले एक साल में देश में साइबर धोखाधड़ी की लगभग 27 लाख शिकायतें दर्ज की गईं और बढ़ती निगरानी की वजह से ऐसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। पहले साइबर धोखाधड़ी से निपटने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब आम जनता के लिए शिकायत दर्ज कराने को एक टोल फ्री नंबर उपलब्ध है।एक साक्षात्कार में शाह ने कहा- 'हमने खातों से लेन-देन को रोकने का प्रविधान किया है। लोग (जब साइबर धोखाधड़ी का मामला होता है) शिकायतें दर्ज कराना शुरू करते हैं और कुछ ही सेकेंड में खाते से लेन-देन बंद हो जाता है।' यह पूछे जाने पर कि क्या देश में साइबर धोखाधड़ी के मामले बढ़े हैं, शाह ने कहा कि मामले नहीं बढ़े हैं बल्कि धोखाधड़ी का अब पता चल रहा है। हमने एक टोल फ्री नंबर भी उपलब्ध कराया है।

साइबर अपराधों को दे रहे हैं तेजी से अंजाम 

यही कारण है कि इनका पता चल रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित शिकायतों का समाधान होने की वजह से लोग उस नंबर पर काल करते हैं। पिछले हफ्ते भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आइ4सी) के सीईओ राजेश कुमार ने कहा था कि कंबोडिया, म्यांमार, लाओस और कुछ अन्य दक्षिण पूर्व एशियाई देश अंतरराष्ट्रीय संगठित गिरोहों का केंद्र बन गए हैं जो भारत में वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल गिरफ्तारी और एटीएम कार्ड गड़बड़ी जैसे साइबर अपराधों को तेजी से अंजाम दे रहे हैं।