मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को भाजपा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया। दमोह में एक रैली को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने यह टिप्पणी की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया और 'चौपट प्रदेश' बना दिया है। भाजपा ने कृषि व्यवस्था, रोजगार प्रणाली, भर्ती, स्वास्थ्य, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

क्या कुछ बोले कमलनाथ?

कमलनाथ ने कहा कि प्रियंका, आप यहां आई हैं तो मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह मध्य प्रदेश नहीं है, यह भ्रष्टाचार और घोटाला राज्य है। राज्य का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। हमारे सामाने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हम युवाओं के भविष्य की रक्षा कैसे करें। मैं कहता हूं कि बेरोजगारी को दूर करना होगा, लेकिन उससे पहले भाजपा के नेताओं को बेरोजगार बनाना होगा।