असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा और उन पर सनातन धर्म को कमजोर करने के लिए प्रदेश में मतांतरण का बड़ा बाजार खोलने का आरोप लगाया।
'राहुल अब तक नहीं गए अयोध्या'
इस दौरान भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज तक कांग्रेस नेता कभी भी अयोध्या नहीं गये। किसके डर से नहीं जाते ? हिमंत बिस्वा सरमा ने जनता से छत्तीसगढ़ में भाजपा को चुनने का अनुरोध किया।
भूपेश बघेल को घेरते हुए भाजपा नेता ने कहा कि हमें यह सोचना होगा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ को किस स्थिति में पहुंचा दिया। कांग्रेस ने पिछले पांच सालों में क्या दिया? क्या उन्होंने (मुख्यमंत्री भूपेश) पांच सालों में कोई विश्विविद्यालय खोला? असम के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज बनाए गए।
क्या कुछ बोले हिमंत बिस्वा सरमा?
उन्होंन कहा कि भूपेश बघेल हर बार नाटक करते हैं और उन्होंने सनातन धर्म को कमजोर करने के लिए मतांतरण का एक बड़ा बाजार खोल दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि भारत को 75 साल पहले आजादी मिली, लेकिन वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं जिन्होंने आखिरकार राम मंदिर का निर्माण कराया। आखिर कांग्रेस इतने सालों में मंदिर बनाने में क्यों विफल रही?