दिल्ली,  कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल का निलंबन रद्द हो गया है। विशेषाधिकार समिति ने सोमवार (7 अगस्त) को पाटिल को राज्यसभा में बहाल करने का प्रस्ताव रखा। समिति ने रजनी पाटिल को कथित तौर पर सदन के अंदर शूट किए गए वीडियो को प्रसारित करने के लिए विशेषाधिकार के उल्लंघन का दोषी माना था। वह पिछले चार महीने से राज्य सभा से निलंबित थीं।

राज्यसभा ने 10 फरवरी को राज्य सभा से कथित तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग करने और उसे प्रसारित करने के लिए रजनी पाटिल को शेष बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था। पाटिल के निलंबन का निर्णय बीजेपी सांसद जी.वी.एल. नरसिम्हा राव की शिकायत के आधार पर लिया गया था। नरसिम्हा राव ने उनके खिलाफ चेयरमैन जगदीप धनखड़ से शिकायत की थी।

बीजेपी सांसद की शिकायत पर एक्शन

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सदन को बताया था कि राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति ने नरसिम्हा राव की शिकायत की जांच करेगी। उन्होंने रजनी पाटिल को निलंबित करने के लिए एक प्रस्ताव भी पेश किया था। वहीं, निलंबन के समय रजनी पाटिल ने कहा था कि उन्होंने जानबूझकर कुछ नहीं किया (वीडियो शूट) और उन्हें कड़ी सजा दी गई। पाटिल के निलंबन के बाद कांग्रेस के सांसदों ने फैसले का विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट किया था।