नई दिल्ली। विपक्ष की 26 पार्टियों द्वारा अपने गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया) रखने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ट्विटर बायो से 'इंडिया' शब्द हटाकर उसकी जगह 'भारत' कर दिया है।

असम के सीएम ने ट्विटर अकाउंट के बायो में किया बदलाव

सरमा के ट्विटर बायो पर पहले लिखा था, 'चीफ मिनिस्टर आफ असम, इंडिया।' विपक्ष की ओर से गठबंधन के नाम की घोषणा के बाद सरमा ने इसे बदलकर 'चीफ मिनिस्टर आफ असम, भारत' कर लिया है।

सरमा ने ट्वीट कर गठबंधन पर साधा था निशाना

विपक्षी गठबंधन के नाम पर निशाना साधते हुए सरमा ने ट्वीट भी किया, 'हमारा सभ्यतागत संघर्ष इंडिया और भारत के इर्दगिर्द रहा है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा था। हमें औपनिवेशिक विरासतों से खुद को मुक्त करने का प्रयास करना चाहिए।' उन्होंने आगे लिखा, 'हमारे पूर्वज भारत के लिए लड़े थे और हम भारत के लिए काम करना जारी रखेंगे। भारत के लिए भाजपा।'

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरमा पर साधा निशाना

इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'असम के मुख्यमंत्री के नए गुरु श्रीमान मोदी ने पहले से जारी कार्यक्रमों के हमें स्किल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे नाम दिए हैं। उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करने को कहा है। यहां तक कि उन्होंने वोट इंडिया की अपील भी की थी, लेकिन जब 26 राजनीतिक दलों ने अपने गठबंधन का नाम इंडिया रखा तो वह (सरमा) बेहद नाराज हो जाते हैं और कहते हैं कि इंडिया शब्द का इस्तेमाल औपनिवेशिक मानसिकता को दर्शाता है। उन्हें यह जाकर अपने बास को बताना चाहिए।'